- अमित शाह ने कहा- केंद्र ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं करेगा, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
- प्रियंका ने कहा- पीएम जवाब दें कि दिल्ली कैसी बनाएंगे? वे विकास के साथ हैं या अराजकता के साथ?
नई दिल्ली.नई दिल्ली. जामिया के पास गुरुवार को हुए गोलीकांड के बाद विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गृहमंत्री अमित शाह से ही सवाल किया कि दिल्ली में ये क्या हो रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के विवादित बयान पर तंज कसते हुए कहा कि जब नेता ही उकसाएंगे तो यह सब मुमकिन है।
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जामिया मिल्लिया इस्लामिया के बाहर रैली से पहले गोपाल नाम के युवक ने फायरिंग की। इसमें जामिया का एक छात्र घायल हुआ है। गोली चलाने वाला युवक नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
शाह ने कहा- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
गृह मंत्री अमित शाह ने घटना के बाद ट्वीट किया, ‘‘ मैंने इस मामले में दिल्ली के पुलिस आयुक्त से बात की है। उन्हें आरोपी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। केंद्र सरकार इस प्रकार की किसी घटना को बर्दाश्त नहीं करेगी। इसे गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।''
मोदी जवाब दें, हिंसा के साथ हैं या अहिंसा के साथ- प्रियंका
प्रियंका गांधी ने इस घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया, "भाजपा सरकार के मंत्री और नेता लोगों को गोली मारने के लिए उकसाएंगे, भड़काऊ भाषण देंगे तब ये सब होना मुमकिन है। प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए कि वे कैसी दिल्ली बनाना चाहते हैं? वे हिंसा के साथ खड़े हैं या अहिंसा के साथ? वे विकास के साथ खड़े हैं या अराजकता के साथ?'
जब भाजपा सरकार के मंत्री और नेता लोगों को गोली मारने के लिए उकसाएँगे, भड़काऊ भाषण देंगे तब ये सब होना मुमकिन है। प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए कि वे कैसी दिल्ली बनाना चाहते हैं?
वे हिंसा के साथ खड़े हैं या अहिंसा के साथ?
वे विकास के साथ खड़े हैं या अराजकता के साथ? pic.twitter.com/jWywAqAW3G
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) January 30, 2020
भाजपा हार के डर से चुनाव स्थगित कराना चाहती है- आप
केजरीवाल ने ट्वीट किया, "दिल्ली में क्या हो रहा है? कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है। कृपया इसका ध्यान रखिए।’ आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा हार के डर से दिल्ली का चुनाव स्थगित करना चाहती है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर भड़काऊ भाषण देकर दिल्ली का माहौल खराब करने का आरोप लगाया।
मोदी गोली चलाने वाले को कपड़े से पहचानें: ओवैसी
एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ट्वीट किया, "अनुराग ठाकुर और उनके साथ रैली में मौजूद सभी देशभक्तों को नफरत फैलाने के लिए शुक्रिया। अब छात्रों को सीधे गोली मारी जा रही है और पुलिस खड़ी देख रही है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे कपड़े से पहचानें। उन्होंने हमलावर को पकड़ने में तेजी नहीं दिखाने के लिए दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। ओवैसी ने कहा कि जामिया के छात्रों पर कार्रवाई करने वाली दिल्ली पुलिस की बहादुरी अब कहां गई।